प्रयागराज, (सं. भा.): देश की सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस ने उत्तर मध्य रेलवे के मितावली-मंडराक रेलखंड पर 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सफल ट्रायल पूरा किया। यह परीक्षण स्वचालित रेल सुरक्षा प्रणाली “कवच” के साथ किया गया, जिसने तेज रफ्तार पर भी ट्रेन की सुरक्षा सुनिश्चित की।
एनसीआर प्रयागराज मंडल के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने ट्रायल की सफलता पर अफसरों और कर्मचारियों को बधाई दी। परीक्षण के दौरान लूप लाइन चाल नियंत्रण और खतरे के संकेत पार न करने की दो महत्वपूर्ण जांचों में कवच ने ट्रेन को स्वतः धीमा कर सुरक्षा सुनिश्चित की। उदाहरण के लिए, लूप स्टेशनों पर 160 किमी/घंटा की रफ्तार से चलती ट्रेन को कवच ने 28-30 किमी/घंटा तक सुरक्षित रूप से घटाया।
इसके अलावा, एसपीएडी परीक्षण में कवच ने लाल संकेत के पास आते ही आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को 24-49 मीटर पहले रोक दिया। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यह ट्रायल साबित करता है कि कवच प्रणाली उच्च गति वाली ट्रेनों में पूर्ण रूप से कारगर है।
मिशन रफ्तार के तहत दिल्ली-हावड़ा रेलखंड में ट्रेन की अधिकतम गति बढ़ाने के लिए ट्रैक और बुनियादी ढांचे में विशेष सुधार किए गए हैं।


