spot_img
Homeउत्तर प्रदेशपीएफ, बोनस और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर श्रमिकों का हंगामा

पीएफ, बोनस और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर श्रमिकों का हंगामा

फतेहपुर(सं.भा.) बेहतर वेतन, श्रमिक सुविधाओं और श्रम कानूनों के अनुरूप कार्य व्यवस्था की मांग को लेकर गोकुल फैक्ट्री के कर्मचारियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। वर्षों से कार्यरत श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र के जीटी रोड हाईवे किनारे गोधरौली गांव के समीप स्थित गोकुल फैक्ट्री के कर्मचारियों ने फैक्ट्री गेट के बाहर एकत्र होकर वेतन वृद्धि, पीएफ, बोनस और अन्य सुविधाओं की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आरोप है कि कई कर्मचारी पिछले दस वर्षों से अधिक समय से फैक्ट्री में कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें आज तक न तो उचित वेतन मिला और न ही श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं।

कर्मचारियों का कहना है कि उनसे प्रतिदिन आठ घंटे के बजाय 12 घंटे तक काम कराया जाता है, जबकि भुगतान अपेक्षाकृत कम किया जाता है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि 12 घंटे की ड्यूटी के बदले मात्र 300 से 350 रुपये तक का भुगतान किया जाता है। इतना ही नहीं, निर्धारित समय से पहले छुट्टी होने पर भी उनके वेतन में कटौती कर दी जाती है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्य के दौरान किसी कर्मचारी के घायल होने पर फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती। कई मामलों में ठेकेदार द्वारा कुछ धनराशि देकर मामले को समाप्त कर दिया जाता है। श्रमिकों ने वेतन वृद्धि, भविष्य निधि (पीएफ), बोनस, दुर्घटना बीमा, चिकित्सा सुविधा और कार्य अवधि को श्रम नियमों के अनुरूप किए जाने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन फैक्ट्री प्रबंधन को सौंपा।

वहीं फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मालिक सुरेश कतर के निर्देश पर मैनेजर प्रवीण शुक्ला ने कर्मचारियों का ज्ञापन प्राप्त किया और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर विचार कर चार दिनों के भीतर प्रबंधन का पक्ष कर्मचारियों के सामने रखा जाएगा

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com