spot_img
Homeउत्तर प्रदेशयक्ष ऐप बना पुलिस का हथियार, तीन लाख की लूट का आरोपी...

यक्ष ऐप बना पुलिस का हथियार, तीन लाख की लूट का आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़(सं.भा.)लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों को निशाना बनाकर झपटमारी करने वाले एक शातिर अपराधी को आजमगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। तीन लाख रुपये से अधिक की नकदी लूटकर फरार हुए आरोपी तक पहुंचने में आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी फुटेज और यूपी पुलिस के यक्ष ऐप ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये की नकदी, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

 

पुलिस के अनुसार एक जून को जौनपुर निवासी राजपति यादव, जो एक निजी कंपनी में सेल्समैन हैं, नकदी लेकर आजमगढ़ जा रहे थे। रास्ते में एक युवक ने उन्हें अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। ठेकमा बाजार के पास पहुंचने पर आरोपी ने मौका पाकर उनके पास मौजूद 3 लाख 22 हजार 60 रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर बरदह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान यूपी पुलिस के यक्ष ऐप की मदद से संदिग्ध की पहचान राजेश चौहान के रूप में हुई।

 

सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शंकरपुर-हरिश्चंद्रपुर पुलिया के पास घेराबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन जल्दबाजी में उसकी बाइक फिसल गई। इसके बाद वह पैदल भागने का प्रयास करने लगा, मगर पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

 

पूछताछ में आरोपी ने झपटमारी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर 2 लाख 56 हजार रुपये नकद, एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल बरामद की गई।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यक्ष ऐप अपराधियों की पहचान और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के लिए विकसित किया गया अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म है। इस मामले में भी ऐप के जरिए संदिग्ध की पहचान कर पुलिस को जांच की सही दिशा मिली, जिससे अपराध का सफल अनावरण संभव हो सका।

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राजेश चौहान कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ आजमगढ़, गाजीपुर और वाराणसी जनपदों के विभिन्न थानों में कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें झपटमारी, आपराधिक गतिविधियों और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com