भोगनीपुर (सं. भा.) : पुखरायां बाईपास पर बने अंडरपास में अतिक्रमण कर दुकानें सजा लेने से आवागमन बाधित होता है। अक्सर भारी वाहन व एंबुलेंस के निकलने में समस्या रहती है। वहीं हादसे की भी आशंका बनी रहती है।
पुखरायां बाईपास पर बने ओवरब्रिज के नीचे साईं चौक चौराहा पर अंडरपास में कई लोगों ने अतिक्रमण कर दुकानें लगा रखी हैं। यहां दिन भर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जमा रहती है। इससे अंडरपास से गुजरने वाले वाहनों व राहगीरों को कठिनाइयों को सामना करना पड़ता है। पांच वर्ष पहले पूर्व सांसद प्यारेलाल संखवार ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर अंडरपास से अतिक्रमण हटवाने को कहा था। प्रशासन ने अंडरपास से अतिक्रमण कर रखी गईं दुकानें हटवा दी थी। बाद में प्रशासनिक ढिलाई के चलते लोगों ने फिर से अतिक्रमण कर अंडरपास में दुकानें लगाना शुरू कर दिया है। पुखरायां कस्बा में इंदिरा नगर, ग्राम पंचायत हरदुआ ऐमा, सुनरापुर, कल्ला, हीरापुर, असुवापुर, बिदखुरी, अकोढ़ी, सुखसौरा, सिथरा आदि गांवों के लोग अंडरपास से आवागमन करते हैं। इन गांवों से मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस के निकलने का यही एक रास्ता है। अतिक्रमण के चलते एंबुलेंस फंसने से अक्सर मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी होती है। यदि कोई दुकानदारों का विरोध करता है तो वे झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। हाईवे के रखरखाव का काम देख रही संस्था ओबीआईएल के जनसंपर्क अधिकारी डीएन तिवारी ने बताया कि शीघ्र ही पुखरायां बाईपास पर बने अंडरपास से अतिक्रमण कर लगी दुकानों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया जाएगा।


