जौनपुर (सं. भा.) : देश तभी विकास करेगा जब किसान समृद्ध होगा। इसके लिए लाभकारी खेती आवश्यक है। दैनिक जागरण का आधुनिक अन्नदाता अभियान सराहनीय पहल है। इसमें सभी को बढ़-चढ़कर सहभागिता करनी चाहिए। उक्त बातें नीलकंठ कालेज आफ एजुकेशन रेहटी त्रिलोचन के प्रबंधक राजेश सिंह ने रविवार को दैनिक जागरण कार्यालय में पुरानी पानदरीबा खालिसपुर गांव निवासी प्रगतिशील किसान उदय नारायण मौर्य को मृदा परीक्षण की पूसा एसटीएफआर मशीन देने के बाद कही।
श्री सिंह ने कहा कि मेरे पिताजी स्व.कृपाल सिंह किसान थे। मैंने किसानों की समस्याओं को बहुत ही करीब से देखा है। जनता का पेट भरने वाला किसान हाड़तोड़ मेहनत के बाद किस तरह परिवार की परवरिश करता है, इससे मैं भलीभांति वाकिफ हूं।
उन्होंने कहा कि बेतहाशा बढ़ती जनसंख्या और कम होता खेती का दायरा चुनौती बन गया है। जनता का पेट भरने के लिए उपज बढ़ाना आवश्यक है। इसके लिए मिट्टी की जांच कर संस्तुति के अनुसार उर्वरकों का प्रयोग करना होगा। प्रशिक्षण पाने वाले लोग जहां मिट्टी की जांच कराकर संस्तुति के अनुसार उर्वरकों के प्रयोग हेतु प्रेरित करेंगे वहीं जगह-जगह लैब स्थापित होने से जहां त्वरित रिपोर्ट मिल जाएगी। उन्होंने खेतों में अधिक से अधिक जैविक उर्वरकों का प्रयोग करने पर बल दिया।
मुफ्त होगी मिट्टी की जांच
नीलकंठ कालेज आफ एजुकेशन रेहटी के ट्रस्टी सुनील सिंह ने कहा कि कम लागत में अधिक उत्पादन से किसानों की आय बढ़ेगी। जब वह खुशहाल होगा तभी कृषि प्रधान देश का विकास होगा। ट्रस्ट द्वारा सहयोग के तौर पर मृदा की जांच के लिए कालेज परिसर में सुबह दस बजे से पांच बजे तक हर दिन शिविर लगाकर मुफ्त में जांच की जाएगी।
मिट्टी की जांच को करूंगा जागरूक
किसान उदय नारायण मौर्य ने कहा कि दैनिक जागरण का आधुनिक अन्नदाता महाभियान किसानों की तरक्की का रास्ता खोलेगा। मिट्टी की जांच कराकर संस्तुति के अनुसार उर्वरकों का प्रयोग करने से जहां लागत में कमी आएगी वहीं उत्पादन भी अधिक होगा। मृदा परीक्षण कराकर जैविक खादों के प्रयोग के लिए किसानों को जागरूक करने का प्रयास करूंगा।


