उन्नाव (सं. भा.)। प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण में तेजी लाने के लिए शासन खासा गंभीर है। इसके लिए आवास आवंटन के साथ ही उनके सत्यापन, खातों के वेरीफिकेशन और लाभार्थियों के खाते में द्वितीय किस्त का धन भेजने की लगातार मानीट¨रग की जा रही है। खाते में धन भेजने में शिथिलता मिलने पर दस को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
परियोजना निदेशक अनिल कुमार पांडेय ने गत 24 नवंबर को प्रधानमंत्री आवास लाभार्थियों के खातों में धन भेजने की समीक्षा की। इसमें असोहा, बांगरमऊ, बीघापुर, गंजमुरादाबाद, नवाबगंज और सुमेरपुर को छोड़कर शेष दस ब्लाकों से एक भी लाभार्थी के खाते में आवास की दूसरी किस्त का धन नहीं भेजा गया। इसे गंभीरता से लेते हुए परियोजना निदेशक ने सभी बीडीओ को चेतावनी पत्र जारी किया है।
1623 पात्रों को नहीं मिली दूसरी किस्त
असोहा, हसनगंज , हिलौली, मियागंज और नवाबगंज ब्लाक के वित्तीय वर्ष 2016-17 के 1623 लाभार्थियों को दूसरी किस्त का धन निर्गत नहीं किया गया है। समीक्षा में इसका खुलासा होने पर पीडी अनिल पांडेय ने असोहा, हसनगंज , हिलौली, मियागंज और नवाबगंज के बीडीओ को पत्र जारी कर वित्तीय वर्ष 2016-17 में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चयनित सभी लाभार्थियों के खाते में द्वितीय किस्त का धन तीन दिन में भेज कर रिपोर्ट भी दें। समीक्षा में पाया गया है असोहा 455, हसनगंज 277, हिलौली 279, मियागंज 291 और नवाबगंज ब्लाक के 321 लाभार्थियों के खाते में अभी तक दूसरी किस्त का धन नहीं भेजा गया है।


