spot_img
Homeउत्तर प्रदेशपरियोजनाएं अधूरी, कब हसरतें होंगी पूरी

परियोजनाएं अधूरी, कब हसरतें होंगी पूरी

जौनपुर (सं. भा.) : केराकत क्षेत्र में तीन प्रमुख पुलों का निर्माण कार्य अधर में है। यह बसपा शासनकाल में स्वीकृत हुआ था। फिर सरकार बदलते परियोजनाओं के निर्माण पर ग्रहण लग गया। इससे परियोजनाएं अधूरी रह गई और लोग अब इस इंतजार में है कि आखिर कब तक हसरतें पूरी होंगी। जनप्रतिनिधियों की तरफ से भी इसके लिए कोई पहल नहीं की जा रही है।

देखा जाए तो धर्मापुर विकासखंड के अखड़ों घाट पर 6.22 करोड़, मुफ्तीगंज के वीरमपुर में 7.25 करोड़, पसेवा के मई घाट पर 6.22 करोड़ की लागत से पुल स्वीकृत हुआ। जिसके निर्माण के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश नारायण राय ने प्रयास किया था। इसके लिए तीन करोड़ की धनराशि भी निर्माणदायी संस्था सेतु निगम को उपलब्ध करा दिया गया। एक निर्माण इकाई की स्थापना जौनपुर में करा दी गई। कार्य का शुभारंभ तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी द्वारा 15 नवंबर 2011 को शिलान्यास के जरिए किया गया। उस समय निर्माण कार्यदायी संस्था सेतु निगम को प्रत्येक दशा में वर्ष 2014 तक तीनों पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण कराने का बसपा शासन ने सख्त हिदायत के साथ निर्देश दिया था। बावजूद वर्ष 2012 में विधानसभा के चुनाव व सत्ता परिवर्तन के चलते सपा की सरकार बन गई। सरकार परिवर्तन होते ही तीनों पुलों के निर्माण कार्य पर ग्रहण लगने शुरू हो गए। काम एक वर्ष के बाद काफी दिनों तक रुका रहा। कार्यदायी संस्था समय बीतने के साथ ही मैटेरियल के दाम बढ़ने का रोना रोने लगी। बीच में थोड़ा बहुत धन स्वीकृत हुआ किंतु वह धन भी नाममात्र का रहा। जिसके चलते कुछ दिन काम होने के बाद निर्माण कार्य पर ब्रेक लग गया। देखा जाए तो इस समय अखड़ो घाट पर निर्माणाधीन आठ पावों में सात बन चुका है। अभी एक का निर्माण होना बाकी है। मुफ्ती गंज ब्लाक में वीरमपुर घाट पर नौ पावो में चार ही बन सका है। अभी पांच पावों का निर्माण बाकी है। इसी प्रकार पसेवा मई घाट पर निर्माणाधीन सभी आठ पावों का निर्माण हो चुका है किंतु कुछ पर कैप लगाना व बैकवाल के निर्माण के साथ रोड का निर्माण होना भी बाकी है।

पसेवा-मई घाट व बीरमपुर-भड़ेहरी घाट पुल की कार्यदायी संस्था सेतु निगम वाराणसी के सहायक अभियंता ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि धनाभाव के चलते निर्माण कार्य ठप चल रहा है। अब तक पसेवा के पुल पर करीब सात करोड़ निर्माण पर खर्च हो चुके है। अभी इस पुल के निर्माण के लिए दस करोड़ धन की आवश्यकता है। इसी प्रकार बीरमपुर-भड़ेहरी पुल पर पांच करोड़ खर्च हो चुके है। इस पुल पर अभी 11 करोड़ धन की आवश्यकता है। इसके लिए प्रदेश शासन को धनराशि की डिमांड के लिए पत्र पिछले माह भेजा गया है। धनराशि मिलते ही निर्माण कार्य पूर्ण करा लिए जाएंगे। अखड़ो घाट निर्माणाधीन पुल के परियोजना प्रबंधक वेदप्रकाश का कहना है कि अब तक इस पर करीब नौ करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। अभी साढ़े करोड़ धनराशि की आवश्यकता है, जिसके लिए स्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया गया है। शासन से धनराशि मिलते ही निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com