सुल्तानपुर (सं. भा.)। यूं तो मास्टर किसी भी विषय या क्षेत्र का हो, कम से कम उसके फेल होने की आशा तो नहीं की जाती। लेकिन चुनाव कंट्रोल रूम में जिन मास्टर कार्मिकों की तैनाती थी, वे वोटिंग प्रतिशत निकालने में ही अनुत्तीर्ण हो गए। यही नहीं, पहले दो घंटे के मतदान का भ्रामक आंकड़ा भी जारी कर दिया। जब यह अफसरों को पता चला तो कार्मिकों की खूब फजीहत हुई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम प्रशासन ने तो कंट्रोल रूम कार्मिकों को फटकार लगाई और सही आंकड़े जारी करने की नसीहत भी दी।
सुबह से नगर पालिका परिषद के 104 और तीनों नगर पंचायतों के 38 बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान शुरू हुआ। कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कंट्रोल रूम के कार्मिकों ने सुबह साढ़े नौ बजे से पहले दो घंटे की मतदान रिपोर्ट संकलन शुरू किया। पहले तो प्रभारी की अनुमति लेकर कार्मिकों ने बूथवार पड़े मतों को नोट किया। जब इसका प्रतिशत निकालना हुआ तो वे गड़बड़ी कर गए। मीडिया और अधिकारियों को भ्रामक आंकड़ा भी जारी कर दिया। कंट्रोल रूम की इस रिपोर्ट के अनुसार, नगर पालिका परिषद में दो घंटे में ही 21 फीसद से अधिक वोट पड़ गए थे। एक बार तो इस पर किसी को विश्वास नहीं हो रहा था, लेकिन सरकारी आंकड़े पर भरोसा करना पड़ा। अगले दो घंटे में जब फिर प्रतिशत निकाला गया तो नगर पालिका में महज 0.4 फीसद वोटिंग अधिक दिखाई गई। बस यहीं से कंट्रोल रूम कार्मिकों की गड़बड़ी पकड़ में आ गई। इसकी बीच सूचना पर एडीएम बीडी सिंह मौके पर पहुंचे। हिदायत देने के साथ ही आंकड़ा दुरुस्त कराया। स्पष्ट कहा कि निर्वाचन में कर्तव्यों का निर्वहन करने में लापरवाही भारी पड़ जाएगी। ऐसे में भ्रम न फैलाएं। ——–
मोबाइल से गुणा-भाग : कंट्रोल रूम में संसाधनों की भी कमी रही। एक कैलकुलेटर तक नहीं था। कार्मिक मोबाइल से ही प्रतिशत निकाल रहे थे। यहां का फोन भी अमूमन संपर्क से बाहर रहा। ऐसे में लोगों को शिकायतें करने और अपडेट लेने में दिक्कतें हुईं।


