कानपुर (सं.भा): उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के रनिया औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रायपुर स्थित एक प्लास्टिक फैक्टरी में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। घटना में फैक्टरी में रखा माल, मशीनें और गोदाम का सारा सामान जलकर राख हो गया। अनुमान है कि करीब छह करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी मिलते ही रनिया थाना पुलिस, दमकल विभाग, और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग इतनी भीषण थी कि माती मुख्यालय से तीन दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मौके पर पहुंचे एएसपी राजेश पांडेय, सीएफओ प्रतीक श्रीवास्तव और सीओ आलोक कुमार ने राहत कार्यों की निगरानी की।

फैक्टरी मालिक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जब उन्हें घटना की सूचना मिली, तब तक गोदाम पूरी तरह जल चुका था। उन्होंने बताया कि आग में तैयार माल, कच्चा प्लास्टिक और मशीनें सब नष्ट हो गईं। सीएफओ प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि फैक्टरी में फायर एनओसी नहीं थी और आग बुझाने के कोई उपकरण नहीं मिले।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगते ही पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया गया ताकि आग न फैल सके। दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।


